192 पुलिसकर्मियों की 38 टीमों ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आक्रमण’ चलाया। अभियान के तहत एक ही दिन में 24 मामले दर्ज कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता और डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में थाना, चौकी, क्राइम ब्रांच और पीओ स्टाफ की कुल 38 विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों में 192 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। सुबह से ही चिन्हित अपराधियों के संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
अवैध शराब और जुए पर कार्रवाई
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 6 मामले दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जुआ अधिनियम के तहत 8 मामलों में 8 आरोपी पकड़े गए। खुले में शराब पीने के आरोप में 3 युवकों को हिरासत में लिया गया, जबकि एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 आरोपी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 149 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की और जुए से जुड़े मामलों में 23,760 रुपये नकद जब्त किए। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लेन ड्राइविंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 10 मामले दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वांछित अपराधी भी दबोचे
ऑपरेशन के दौरान हत्या के प्रयास के 2 आरोपी, लड़ाई-झगड़े के मामलों में 9 आरोपी और 4 उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज (एडीजीपी) ने कहा कि ऑपरेशन आक्रमण के जरिए अपराधियों को सख्त संदेश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शराब तस्करी, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।