नई कार में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट
फोरम ने ठोका 90 हजार हर्जाना
पंचकूला निवासी सुनील ने ऑटो पेस नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 चंडीगढ़ से खरीदी थी कार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नई आल्टो कार खरीदने के अगले ही दिन कंपनी के कर्मचारियों ने कार में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट बता दिया। इसके चलते कार मालिक को मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी। उपभोक्ता फोरम ने कंपनी को सेवा में कोताही का दोषी करार देते हुए 50 हजार रुपये हर्जाना और मानसिक पीड़ा और उत्पीडन के लिए 30 हजार रुपये मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपये मुकदमा खर्च भी अदा करना होगा।
उपभोक्ता फोरम में पंचकूला निवासी सुनील ने ऑटो पेस नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 चंडीगढ़, ऑटो पेस नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 पंचकूला और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, सेक्टर-8सी चंडीगढ़ के खिलाफ शिकायत दी थी। हालांकि फोरम ने यह फैसला सिर्फ ऑटो पेस नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 चंडीगढ़ के खिलाफ ही सुनाया है। बाकी दो के खिलाफ दायर केस को रद्द कर दिया गया।
जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम-1 को दिए शिकायत में सुनील ने बताया कि 28 जुलाई 2016 को उसने ऑटो पेस से 3.21 लाख रुपये में मारुति आल्टो 800 एलएक्सआई कार खरीदी। पहले दिन से कार की बॉडी का कलर और बंपर्स मैच नहीं कर रहा था और इंजन से अबनॉर्मल साउंड व वाइब्रेशन आ रही थी। इस मामले से ऑटो पेस नेटवर्क, पंचकूला को बताया गया। इस समस्या को उन्होंने माना और कहा कि वह इसे रिप्लेस कर देंगे। उन्होंने कार को ऑटो पेस नेटवर्क, चंडीगढ़ के पास रिप्लेसमेंट के लिए भेज दिया। कंपनी की तरफ से कार को चेक किया गया। उन्होंने पाया कि कंपनी का मैकेनिक उनकी कार के पास खड़ी एक सेकेंड हैंड ऑल्टो कार के पार्ट्स निकाल रहा था। उन्होंने पूरे मामले की वीडियो बनाई और पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 6 अक्तूबर 2016 को सीनियर इंजीनियर ने भी माना कि कार में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है। बावजूद इसके कार को रिप्लेस नहीं किया गया और वह ऑटो पेस नेटवर्क चंडीगढ़ के वर्कशॉप में ही पड़ी रही।