आधे शहर में झमाझम तो आधा शहर सूखा
दक्षिण सेक्टरों और एयरपोर्ट इलाके में अच्छी बारिश देखने को मिली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मानसून की ऐसी बारिश है कि कहीं तो झमाझम तो कहीं सिर्फ बूंदाबांदी। शनिवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला। चंडीगढ़ के दक्षिण सेक्टरों में कई जगह अच्छी बारिश हुई। इससे कई जगह जलभराव देखने को मिला। खासकर सेक्टर 40, 41, 39 और 42 में काफी अच्छी बारिश देखने को मिली, जबकि मध्यमार्ग स्थित सेक्टरों में सिर्फ बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक शहर में 20.2 एमएम और एयरपोर्ट इलाके के पास करीब 17 एमएम बारिश हुई। हालांकि, बारिश के बाद हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई। हवा में नमी की मात्रा 92 से 62 प्रतिशत रिकार्ड हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 33 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 25 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि छह अगस्त के बाद फिर से मानसून एक्टिव हो सकता है।