गोल्फ में मेजबान आरसीएफ की शानदार शुरुआत
आरसीएफ में ऑल इंडिया रेलवे गोल्फ चैंपियनशिप शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। आरसीएफ के विख्यात गोल्फ कोर्स में ऑल इंडिया रेलवे मिड सेशन गोल्फ चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को हुआ। रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने आरसीएफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन को यह दायित्व सौंपा है।
इस चैंपियनशिप का विधिवत आरंभ आरसीएफ के महाप्रबंधक एसपी त्रिवेदी ने टी-ऑफ के साथ किया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे और उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक टीपी सिंह, आरसीएफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रधान सीएम जिंदल और सभी सदस्य, आरसीएफ के प्रिंसिपल चीफ मेकेनिकल इंजीनियर एमपी सिन्हा, रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के अधिकारी उपस्थित थे।
चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमेटियों का आयोजन किया गया, जो तालमेल के साथ चैंपियनशिप के विभिन्न पहलुओं के लिए व्यवस्था व प्रबंध कर रही हैं। देशभर से रेलवे टीमों से गोल्फर इस चैंपियनशिप में भाग ले रहे हैं, जिनमें आरसीएफ कपूरथला के अलावा उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर, उत्तर रेलवे नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर, डीजल लोकोमोटिव वर्क्स, वाराणसी, आरडीएसओ लखनऊ, रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली, मॉडर्न कोच फैक्टरी, राई बरेली, कोर इलाहाबाद की टीमें प्रमुख हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्त रेल अधिकारी भी इसमें भाग ले रहे हैं।
आरसीएफ कपूरथला सहित तीन टीमें पहले स्थान पर
शनिवार को पहले दिन के पहले राउंड के बाद आरसीएफ कपूरथला और उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर की टीम 263 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर थी। जबकि उत्तर रेलवे नई दिल्ली 269 के स्कोर के साथ रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली की टीम 277 के स्कोर के साथ और उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर 297 के स्कोर के साथ उच्च स्थानों पर थी। आरसीएफ के आरएस बीका, उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर के डी खरे और उत्तर फ्रंटियर रेलवे के डॉक्टर सुनील चंद्र राभा 86 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर चल रहे। रिटायर्ड ऑफिसर्स श्रेणी में पीके अग्रवाल व नरोत्तम दास 43 और 45 स्कोर के साथ आगे चल रहे थे जबकि अमर सिंह 46 स्कोर के बाद उनसे पीछे थे। इस चैंपियनशिप में विभिन्न श्रेणियों में कई पुरस्कार हैं। पुरस्कार वितरण समारोह 2 दिसंबर को होगा और आरसीएफ के महाप्रबंधक एसपी त्रिवेदी इसमें पुरस्कार प्रदान करेंगे।