पंचकूला। श्रीमाता मनसा देवी संस्कृत महाविद्यालय पंचकूला में पांच दिवसीय जिलास्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया। इसमें 21 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। पांचवें दिन की मुख्य अतिथि श्रीमाता मनसा देवी राजकीय संस्कृत महाविद्यालय की प्राचार्या रीटा गुप्ता रहीं। उन्होंने रेडक्रॉस के संस्थापक सर हैनरी ड्यूनांट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया।
स्टेट ट्रेनिंग सुपरवाइजर रमेश चौधरी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को बताया कि पांच दिवसीय जिलास्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों के 110 प्रतिभागियों ने भाग लिया। शिविर में रेडक्रॉस का इतिहास, प्राथमिक सहायता, सड़क सुरक्षा, रक्तदान, देहदान, नशा-मुक्ति, राष्ट्रीय एकता, मोबाइल के दुष्परिणाम आदि विषयों पर जानकारी दी गई। शिविर के दौरान पेंटिंग, नृत्य और स्पीच की प्रतियोगिताएं करवाई गई ।
जिला रेडक्रॉस शाखा पंचकूला के सहायक सचिव डोली रानी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि आप लोग रेडक्रॉस के स्वयंसेवक हैं, जो हर अवस्था में रेडक्रॉस के लिए अपना योगदान देने के लिए तैयार रहते हैं। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी बच्चों का सामान्य मेडिकल चेकअप भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रोफेसर डॉ. रेणुका ध्यानी ने सभी मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।