पंचकूला। राज्य में चल रहे जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने अब बेहद सख्त रुख अपना लिया है। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में रविवार को संबंधित अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई। उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जो कर्मचारी ड्यूटी पर रिपोर्ट नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही उनके मूल विभागों को निलंबन (सस्पेंशन) के लिए पत्र लिखा जा रहा है। जमीनी स्तर पर लापरवाही का आलम यह है कि नगर निगम पंचकूला ने लिखित पत्र सौंपकर ऐसे 21 कर्मचारियों की सूची प्रशासन को दी है, जो जनगणना कार्य में लगातार कोताही बरत रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि इन सभी 21 कर्मचारियों के विभागाध्यक्षों को निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भेज दिए गए हैं।
इसी मामले में लापरवाही बरतने पर नगर परिषद कालका के चार्ज अधिकारी दीपक सुखिजा को दो दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि यदि आगामी दो दिनों के भीतर कालका क्षेत्र में जनगणना कार्य में संतोषजनक तेजी नहीं आई, तो चार्ज अधिकारी के खिलाफ भी सीधे निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य रूप से नगराधीश जागृति, तहसीलदार सुरेश कुमार, कालका के तहसीलदार नीतीश सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी संध्या छिकारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।