सीएम ने कुक से लिया ब्यौरा, कार्रवाई का इंतजार
- चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों को सीएम ने बातचीत के लिए बुलाया
- सीएम ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन, फिलहाल हड़ताल जारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
मुख्यमंत्री आवास में रसोइये से मारपीट के मामले में सीएम मनोहर लाल ने संज्ञान लेते हुए कुक से पूरी घटना का ब्यौरा लिया। पीड़ित कुक अनूप कुमार रावत ने भी आठ जून दोपहर को हुई घटना की पूरी जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इसके बाद सीएम ने उनसे मिलने आए चर्तुथ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इस मामले में जल्द कार्रवाई करेंगे।
ऑल इंडिया चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के उप महासचिव सत्यवान सरोहा, चेयरमैन सज्जन सिंह, तुलसीराम, प्रधान तारादत्त, राजेश कुमार ने बताया कि वह इस मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत करते हैं कि उन्होंने कम से कम पीड़ित कुक को बुलाकर उनसे पूरी घटना की जानकारी ली और उसके बाद जल्द कार्रवाई का भी आश्वासन दिया। लेकिन जब तक सीएम आरोपी अफसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते, तब तक कर्मचारियों का धरना, प्रदर्शन व हड़ताल का रौलबैक नहीं होगा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ की सभी समर्थित कर्मचारी संगठनों ने यह निर्णय लिया है कि यदि वीरवार सुबह तक सीएम ने आरोपी अफसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं, तो आंदोलन को और तेज करने की रणनीति तय की जाएगी। उधर, बुधवार को भी इस मामले में हरियाणा सचिवालय की दसवीं मंजिल पर चतुर्थ व तृतीय श्रेणी कर्मचारी यूनियनों की बैठक हुई, जिसमें इस घटना की निंदा की गई और सीएम से अफसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
यह है मामला
उल्लेखनीय है कि हरियाणा मुख्यमंत्री के आवास पर दो साल से कुक का काम कर रहे अनूप रावत ने आरोप लगाया था कि आठ जून दोपहर को वहां मौजूद एक सीनियर अफसर ने उससे ब्रेड की मांग की थी। ब्रेड खत्म होने की वजह से वह अफसर को ब्रेड सर्व नहीं कर पाया। जिस पर गुस्साए अधिकारी ने आफिस में ही अन्य अफसरों के सामने उसकी पिटाई कर दी। इस मामले में चंडीगढ़ सेक्टर-3 थाने में अफसर के खिलाफ डीडीआर दर्ज है और पिछले पांच दिनों से सीएम समेत तमाम वीआईपी और वीवीआईपी आवासों में हास्पिटेलिटी स्टाफ पूरी तरह से हड़ताल पर है।