पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने एमडीसी सेक्टर-2 और 7 की डिवाइडिंग रोड को बनाने का वर्क टेंडर 27 फरवरी को अलॉट कर दिया था। लेकिन 20 दिन बाद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यह सड़क एमडीसी सेक्टर-6 के डॉल्फिन चौक से 350 मीटर आगे है। पहले हरियाणा सरकार ने प्राइवेट जमीन एक्वायर की थी। इसके बाद विभाग की ओर से चंडीगढ़ से पंचकूला की ओर 800 मीटर तक सड़क का निर्माण किया गया था। बीच में हाईकोर्ट से स्टे मिलने के कारण काम रुक गया था। इस बीच कई महीनों तक प्रोजेक्ट का काम अधर में लटका रहा। अब ठेकेदार और एचएसवीपी की लापरवाही की वजह से काम रुका हुआ है। अगर ऐसे ही चलता रहा तो आने वाले दो-तीन माह बाद मानसून शुरू हो जाएगा और प्रोजेक्ट समय पर पूरा नहीं हो पाएगा। यह 1065 मीटर सड़क करीब 4,6030184 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जानी है।
प्रोजेक्ट समय पर पूरा हो तो जाम से भी मिलेगी निजात
अगर समय पर प्रोजेक्ट पूरा हो जाए तो एमडीसी सेक्टर-6 से सुखना झील की राह आसान हो जाएगी। महज पांच मिनट के भीतर वाहन चालक पंचकूला के डॉल्फिन चौक से सुखना झील के रेगुलेटरी एंड तक पहुंच जाएंगे। ऐसे में रोजाना पंचकूला से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से पंचकूला आने वाले लाखों वाहन चालकों को जाम की समस्या से भी निजात मिल जाएगी और नौकरी पेशा वालों का समय भी बचेगा। इसके साथ ही जाम से भी राहत मिल जाएगी। वर्तमान में पंचकूला से सुखना लेक तक का सफर तय करने में करीब 30 से 40 मिनट का समय लगता है। इस सड़क के निर्माण के बाद लोग करीब 10 से 15 मिनट के भीतर पंचकूला से सुखना लेक पर होंगे। अभी लोगों को किशनगढ़ से होते हुए सुखना लेक तक जाना पड़ता है।
कहां कितना हुआ काम
- सेक्टर-2 और 7 एमडीसी की ओर से पंचकूला की ओर 700 मीटर सड़क पर मिट्टी समतल करने का काम पूरा हो चुका है।
- सेक्टर-2 और 7 एमडीसी की ओर से डॉल्फिन चौक की ओर जाने वाले मार्ग के बीच 1065 मीटर सड़क बनेगी, जहां अभी कच्ची सड़क है।
- डॉल्फिन चौक से आगे पंचकूला के वेलकम गेट से आगे 10 मीटर चौड़ी 450 मीटर सड़क बना दी गई है।
- पंचकूला वेलकम गेट से 450 मीटर आगे की 350 मीटर तक सड़क की मिट्टी समतल की जा चुकी है।
कोट
एमडीसी सेक्टर-2 और 7 की डिवाइडिंग सड़क काम अभी अलॉट नहीं हुआ है। मेरे पास प्रोजेक्ट से जुड़ा कोई भी अलॉटमेंट लेटर नहीं है। काम अलॉट होते ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर देंगे। -अरविंद कुमार, ठेकेदार।
कोट
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने एमडीसी सेक्टर-2 और 7 की डिवाइडिंग सड़क का वर्क टेंडर 27 फरवरी को अलॉट कर दिया था। कांट्रैक्टर को एक सप्ताह के भीतर काम शुरू करने का निर्देश दिया जाएगा। -एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी पंचकूला