पंचकूला। एमडीसी निवासी एक व्यक्ति को कंपनी में निवेश करने का झांसा देकर 19 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। एमडीसी पुलिस मामला दर्ज कर आगामी जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, नवजोत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें अहाना खन्ना का फोन और व्हाट्सएप संदेश सितंबर 2021 में मिला।
संदेश में 2-3 प्रतिशत दैनिक रिटर्न देने का झांसा देकर उनकी फोरेक्स कंपनी में निवेश करने को कहा। शिकायतकर्ता ने उनकी कंपनी में निवेश करने से इनकार कर दिया। इसके बाद भी अहाना खन्ना और कंपनी के अन्य अधिकारियों ने उनको रोजाना फोन करने का सिलसिला जारी रखा। कंपनी के अधिकारियों ने अपने मौजूदा निवेशकों का रिटर्न दिखाकर उन्हें लालच दिया। इसके बाद उन्होंने 19 लाख रुपये अपने क्रेडिट कार्ड और बचत खाते से 20 सितंबर से 25 अक्टूबर 2021 के बीच उनके कंपनी के खातों में डाल दिए।
आरोपियों ने उनका ऑनलाइन खाता खोला और उनके साथ एक लिंक साझा किया। इसमें सारा पैसा डॉलर में दिखाया गया था। नकली उच्च रिटर्न भी दिखाया गया। जब उनसे पैसे वापस देने का अनुरोध किया तो उन्होंने कहा कि इसमें समय लगेगा और बाद में उनका फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने नंबर बंद कर दिए। शिकायतकर्ता को कंपनी और उसके अधिकारियों द्वारा धोखा दिया गया और पैसे ठग लिए।