केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से एमबीबीएस की सीटें बढ़ाने की मांग
टंडन ने नड्डा से 100 के बजाय 150 सीटें करने का अनुरोध किया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मिलकर चंडीगढ़ के गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज सेक्टर-32 में एमबीबीएस की सीटें 100 से 150 करने का अनुरोध किया है। टंडन ने नड्डा को बताया कि कॉलेज में 150 सीटों के लिए सभी सुविधाएं हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री को बताया कि शहर में आम जनता की मांग है कि एमबीबीएस की सीटों को बढ़ाया जाए। इससे शहर के होनहार विद्यार्थियों को शहर में ही एडमिशन मिल सके। नड्डा ने संजय टंडन को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उनके अनुरोध पर जल्द ही अपना फैसला देगी। टंडन का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ में रह रहे निवासियों की भलाई के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। एमबीबीएस की सीटों में बढ़ोतरी इसी दिशा में अगला कदम है।