पंचकूला। हाल ही में दोस्त बने एक व्यक्ति ने पंचकूला सेक्टर-10 निवासी विशाल गोयल से 17.50 लाख रुपये की ठगी की। आरोपी के साजिशन ठगी करने के कारण विशाल को उसकी धोखाधड़ी के बारे में काफी समय बाद पता लगा। विशाल की शिकायत पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी कालका के गांव तोरां निवासी टेक चंद है।
आरोपी टेक चंद विशाल के मोहाली निवासी एक दोस्त के जरिए उनके संपर्क में आया था। इसके बाद आरोपी ने विशाल के घर आना-जाना शुरू कर दिया और रोज मिलने लगा। दोस्ती आगे बढ़ने पर टेक चंद ने विशाल से 1 अगस्त 2017 से 31 मार्च 2018 के बीच 9.80 लाख रुपये का फ्रेंडली लोन लिया। फिर आरोपी ने विशाल से खुदाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली उसकी हाइड्रोलिक मशीन की डील की और बीस लाख रुपये में सौदा तय किया। टेक चंद ने विशाल से 10.20 लाख रुपये लेने के बाद शेष रकम उनसे लिए लोन की एडजस्ट करने को कहा। विशाल ने लोन की रकम एडजस्ट कर 10.20 लाख रुपये टेक चंद को आरटीजीएम के माध्यम से दिए। कुछ समय बाद ही विशाल को पता लगा कि उन्हें बेची गई हाइड्रोलिक मशीन एक फाइनेंस कंपनी द्वारा किस्तों पर ली गई है। इस संबंध में बात करने पर टेक चंद ने विशाल को सभी किस्तें समय पर देने का भरोसा दिलाया। एग्रीमेंट के तहत ऐसा नहीं करने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की बात तय हुई। बावजूद इसके टेक चंद ने समय पर किस्तें नहीं दीं। इस कारण फाइनेंस कंपनी ने प्रेशर डालना शुरू किया और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही। विशाल किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते थे। आरोपी ने इसका फायदा उठाया और विशाल को दी गई हाइड्रोलिक मशीन उनसे वापस कम कीमत पर 17.50 लाख रुपये में लेने को कहा। विशाल विवाद से बचने के लिए उसकी बात मान गए। आरोपी ने 29 जून को 2019 को 17.50 लाख रुपये का चेक विशाल को दिया और उन्होंने आरोपी की हाइड्रोलिक मशीन उसे लौटा दी। 20 जून 2019 को आरोपी टेक चंद का चेक बाउंस हो गया और उसने विशाल गोयल की कॉल रिसीव करनी भी बंद कर दी। तब जाकर विशाल को उनसे लगातार ठगी का पता लगा। बहरहाल, थाना-5 पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।