मैनेजर को जांच कमेटी के सामने होना पड़ेगा पेश
स्कूल नेशनल ताइक्वांडो गेम्स में खिलाड़ियों के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। खिलाड़ियों की अनदेखी के आरोप में यूटी शिक्षा विभाग मैनेजर पर सख्ती बरतने के मूड में दिखाई दे रहा है। इसके लिए जांच कमेटी का गठन कर लिया गया है। अब मैनेजर को कमेटी के सामने पेश होना पड़ेगा। 64वीं स्कूल नेशनल ताइक्वांडो गेम्स में इंफाल गए खिलाड़ियों की अनदेखी, बीमार तथा कोच की तरफ से पार्टी में भाग लेने के मामले को शिक्षा विभाग ले गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय टीम का गठन किया है।
सूत्रों के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से इस कमेटी को 5 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी है। इसके लिए ताइक्वांडो कोच मंशा राम को यूटी शिक्षा विभाग अगले कुछ दिनाें में तलब कर सकता है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि जिस खिलाड़ी के अभिभावक ने शिकायत दी है उसमें कितना सच है।
नेशनल स्कूल गेम्स में मैनेजर की लापरवाही व पार्टी में बैठकर शराब मामले की वीडियो वायरल होने को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से गठित की गई कमेटी ने मैनेजर को अपना जवाब रखने के लिए डीईओ आफिस में बुधवार को बुलाया है। इसके साथ ही टीम के कोचों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
यह था मामला
इंफाल गए ताइक्वांडो टीम के खिलाड़ियाें और अधिकारियाें को हॉस्टल में रुकना था, लेकिन मैनेजर खिलाड़ियाें के साथ रुकने के बजाय होटल में ठहर गए। इस दौरान खिलाड़ी की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में जाना पड़ा।
कोट
मामला सामने आने पर जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद मैनेजर पर फैसला लिया जाएगा।
- अनुजीत कौर, जिला शिक्षा अधिकारी