पंजाब पुलिस के इन जवानों को किया जाएगा सम्मानित।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब पुलिस की शानदार सेवाओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 75वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब पुलिस के उन अधिकारियों/कर्मचारियों के नामों का एलान किया, जिन्हें बहादुरी के लिए पुलिस मेडल (पीएमजी), विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल (पीपीएमडीएस) और बेमिसाल सेवा के लिए पुलिस मेडल (पीएमएमएस) से सम्मानित किया गया।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) बॉर्डर रेंज अमृतसर के एएसआई गुरसेवक सिंह को बहादुरी के लिए पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा, जबकि एडीजीपी (आधुनिकीकरण) राम सिंह और एआईजी-कम-डीजीपी पंजाब के स्टाफ अधिकारी जसदीप सिंह को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
इसी तरह 5 पीपीएस अधिकारी, जिनमें एसएसपी कपूरथला हरकमलप्रीत सिंह खक्ख, एडीसीपी-2 लुधियाना जसकिरनजीत सिंह तेजा, डीएसपी (पीबीआई) राज कुमार, डीएसपी (सीआईडी यूनिट) बठिंडा परमिंदर सिंह और डीएसपी (डिटेक्टिव) अमृतसर ग्रामीण गुरिंदरपाल सिंह के नाम उन 13 अधिकारियों/कर्मचारियों में शामिल हैं, जिन्हें बेमिसाल सेवाओं के लिए पुलिस मेडल के लिए चुना गया है। बाकी अधिकारियों में इंस्पेक्टर कुलवीर सिंह, इंस्पेक्टर अशोक कुमार, इंस्पेक्टर पूरन सिंह, एसआई नत्था सिंह, एसआई निरंजन दास, एसआई हरजीत सिंह, एएसआई ईश्वर तिवाड़ी और एएसआई अशोक कुमार शामिल हैं।
डीजीपी ने गृह मंत्रालय का जताया आभार
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए इन अधिकारियों की सेवा को मान्यता देने और समूची पंजाब पुलिस फोर्स के मनोबल को बढ़ाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता पुलिस फोर्स को और अधिक समर्पण और निष्ठा से काम करने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, जोकि अलग-अलग सुरक्षा चुनौतियों वाले एक सरहदी राज्य के लिए बहुत जरूरी हैं।