चंडीगढ़। शहर के कॉलेजों में दाखिले की दौड़ शुरू हो गई है। पहली काउंसिलिंग के तहत सोमवार को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जाएगी। वेरिफिकेशन सुबह नौ बजे से शुरू हो जाएगी, जिसके तहत यूटी कोटे की जरनल कैटेगरी के स्टूडेंट्स को संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। वेरीफिकेशन के बाद स्टूडेंट्स को फीस जमा करानी होगी। यदि फीस समय पर जमा नहीं होती है तो सीट को खाली माना जाएगा और अगले स्टूडेंट्स को मौका दिया जाएगा।
शनिवार को उच्च शिक्षा विभाग की ओर से ग्रेजुएशन के सेंट्रलाइज्ड एडमिशन की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई थी, जिसमें बीकॉम, बीबीए, बीसीए सहित मेडिकल और नॉन मेडिकल की फाइनल लिस्ट एक साथ जारी की है। ऑनलाइन जारी हुई लिस्ट में स्टूडेंट्स के फार्म नंबर के अलावा उनकी पूरी जानकारी के साथ एडमिट हुए कॉलेज के नाम को अपलोड किया गया है, ताकि स्टूडेंट्स को अपना नाम ढूंढने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
यह डॉक्यूमेंट्स रखें साथ
काउंसिलिंग के दौरान स्टूडेंट्स को अपने साथ 10वीं और 12वीं की मार्कशीट को साथ लाना अनिवार्य होगा। यूटी कोटे के रिजर्व कोटे के स्टूडेंट्स को 10 जुलाई से सुबह नौ बजे से संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। यदि किसी स्टूडेंट्स के पास एनसीसी और एनएसएस के सर्टिफिकेट हैं तो वह भी जरूरी होगा। इसी प्रकार 9 जुलाई को सुबह 9.00 बजे से नॉन यूटी कोटे के स्टूडेंट्स को संबंधित कॉलेज में पहुंचना होगा। वहीं नॉन यूटी कोटे के रिजर्व स्टूडेंट्स को कॉलेज में दोपहर एक बजे से रिपोर्ट करना अनिवार्य है।