नगर निगम चंडीगढ़ कमिश्नर केके यादव ने अफसरों को स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं कि अब ऑफिस में बैठने से काम नहीं चलेगा। अफसरों को हर वीरवार को अपने-अपने क्षेत्र में जाना होगा। कमिश्नर का कहना है कि ऑफिस में बैठे रहने से हकीकत सामने नहीं आएगी। जो नीचे के अफसर व कर्मचारी फाइल लाकर दे देते हैं, हम वहीं सच मान लेते हैं, लेकिन अब ऐसे नहीं चलेगा।
सोमवार को कमिश्नर ने निगम के सभी अधिकारियों संग रिव्यू मीटिंग की। कमिश्नर ने कहा कि जब हम फील्ड में ही नहीं जाएंगे तो हकीकत कैसे पता चलेगी। जो फाइलें सामने होती हैं, उसे ही सच मानकर हम सिग्नेचर कर देते हैं। अब हर वीरवार को पहले एक घंटे ऑफिस के काम करिए और उसके बाद फील्ड में निकलिए।
जहां लगता है है कि काम नहीं हुआ, वहां की फाइल को फिर से मंगाइए और संबंधित अफसर से काम करने को कहिए। इससे अफसरों को अपने क्षेत्र को जानने का मौका भी मिलेगा और फील्ड अफसर व कर्मचारी ठीक से काम करेंगे। कमिश्नर ने कहा कि मात्र एक घंटे भी अफसर ने अपने क्षेत्र में घूम लिया तो कहीं कोई समस्या नहीं होगी।