पंचकूला। सेक्टर -26 गवर्नमेंट पॉली क्लीनिक में लेडी स्टाफ से छेड़छाड़ मामले में जहां एक ओर पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट तैयार की गई है। वहीं लेडी स्टाफ की मांग पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य नम्रता गौड़ ने आठ महिलाओं के बयान रिकार्ड किए है। वह मामले की जांच कर सोमवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन को रिपोर्ट देंगी। लेडीज स्टाफ ने हरियाणा राज्य महिला आयोग से मांग की है कि पुलिस और हेल्थ विभाग सही तरीके से मामले की जांच नहीं कर रहे है। इस पर आयोग की ओर से मामले की जांच शुरू की गई है। इसमें महिलाओं के बयान दर्ज किए गए हैं। बयान दर्ज करने के बाद जल्द ही छेड़छाड़ के आरोपी एसएमओ डॉ. सुखराज सिंह को भी तलब किया जा सकता है। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आयोग की ओर से पुलिस को लेटर लिखा गया था कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाए। वह पुलिस की ओर से की गई है। वहीं, डीजी हेल्थ को लिखा था कि एसएमओ को ट्रांसफर कर दिया जाए। इस पर उसे जींद दो महीने के डेपुटेशन पर भेजा गया है।
एसएमओ पर जांच प्रभावित करने का लगा था आरोप
महिला स्टाफ से छेड़छाड़ व बदसलूकी के मामले में एसएमओ डॉ. सुखराज सिंह का नाम आया था। महिला स्टाफ को धमकाने की बात सामने आने पर सीएमओ ने उससे कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बाद महिला आयोग ने लेटर लिखकर उसे ट्रांसफर करने की मांग की थी। वहीं, पीड़िता का कहना है कि वह पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच से संतुष्ट नहीं है। हरियाणा राज्य महिला आयोग पर उसे भरोसा है कि उसके साथ न्याय होगा।
यह कहना है एसएमओ का
पॉली क्लीनिक के एसएमओ रहे आरोपी डॉ. सुखराज सिंह ने बताया कि मेरे ऊपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। मैने किसी को धमकी नहीं दी है। मुझे सभी जांच कमेटियों पर भरोसा है कि मेरे साथ न्याय होगा।
हरियाणा राज्य महिला आयोग के लेटर लिखने पर एसएमओ का ट्रांसफर कर दिया गया है। महिला आयोग अपने स्तर पर जांच कर रहा है। इसमें गवर्नमेंट पॉली क्लीनिक के लेडी स्टाफ के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की रिपोर्ट सोमवार को मेरे पास आएगी। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग को लिखा जाएगा। ।
- प्रतिभा सुमन, चेयरपर्सन, हरियाणा राज्य महिला आयोग