चंडीगढ़। शहर की शूटिंग खिलाड़ी गौरी श्योराण ने दिल्ली में आयोजित केएसएस नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। गौरी ने 25 मीटर स्पोर्ट्स के टीम इवेंट और एकल इवेंट में ये मेडल जीते हैं। गौरी ने एकल वर्ग के इवेंट में 577 अंक तथा टीम इवेंट में 1721 अंक हासिल किए। गौरी डीएवी कॉलेज -10 की स्टूडेंट हैं। गौरी ने बताया कि इसके बाद इंटरनेशनल स्तर की कई प्रतियोगिताएं हैं जिसके लिए तैयारी करनी है।
24 इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में जीते हैं मेडल
शूटर गौरी श्योराण की काबलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अब तक 31 इंटरनेशनल शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिसमें उन्होंने 24 प्रतियोगिताओं में मेडल जीते हैं। श्योराण ने साल 2018 राजस्थान में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता, पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दो गोल्ड मेडल जीते। उन्होंने 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड और इसी कैटेगरी के टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। मलयेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित 7वें वर्ल्ड यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता। साल 2017 में त्रिवेंद्रम में आयोजित नेशनल गेम्स में 2 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते। साल 2017 में जर्मनी में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता।
हरियाणा सरकार ने प्रदान किया भीम अवार्ड
हरियाणा की इस होनहार बेटी की उपलब्धियों के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने गौरी को 2016-17 के भीम अवॉर्ड से भी सम्मानित किया है। 1997 में गौरी श्योराण का जन्म हुआ और 12 साल की उम्र से ही गौरी ने निशानेबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया था। 2010 से गौरी ने निशानेबाजी के टूर्नामेंट में शिरकत करना शुरू कर दिया। गौरी एक विदेशी कोच से ट्रेनिंग लेती हैं जबकि उनके राष्ट्रीय कोच जाने माने शूटर जसपाल राणा हैं।