चंडीगढ़। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चड्ढा के समर्थन में कांग्रेसी भी आ गए हैं। कांग्रेसी काउंसिलर सतीश कैंथ ने यूनियन अध्यक्ष से शनिवार को मुलाकात की। साथ ही न्याय के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के यहां गुहार लगाने की बात को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति शहर में कभी नहीं आई।
काउंसिलर सतीश कैंथ ने बताया कि सोमवार को कमिश्नर केके यादव से मिलने का समय मांगा है। सफाई कर्मचारियों के साथ कमिश्नर से मिलकर कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय को रोकने की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की एक बैठक रखी गई थी जो मेयर राजेश कालिया ने जानबूझकर कैंसिल कर दी। बैठक में डोर टु डोर कचरा कलेक्शन और शहर की सफाई संबंधी चर्चा होनी थी, लेकिन राजनीति के चक्कर में उन्होंने मीटिंग रद्द की। अब झूठे आरोप लगाकर उनका शोषण कर रहे हैं। कांग्रेस के सभी काउंसिलर सोमवार को कमिश्नर से मिलकर इस मसले को हल करने के लिए कहेंगे।
ज्ञात हो नगर निगम में वीरवार शाम को मेयर राजेश कालिया निगम के अधिकारियों संग मीटिंग कर रहे थे। तभी सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चड्ढा कमरे में घुस आए और सफाई कर्मचारियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई का विरोध करने लगे। बात जब हाथापाई तक पहुंच गई तो एडिशनल कमिश्नर एसके जैन ने किसी तरह मामला शांत कराया। देर शाम मेयर ने सेक्टर 17 स्थित पुलिस स्टेशन में सूचना देकर पुलिस को बुलाया और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में कृष्ण कुमार चड्ढा के खिलाफ लिखित शिकायत दी। वहीं थोड़ी ही देर बाद यूनियन के अध्यक्ष ने अभद्र भाषा का उपयोग करने का आरोप लगाते हुए मेयर के खिलाफ भी थाने में शिकायत दे दी।