पंचकूला। उत्तर प्रदेश में हत्या जैसी जघन्य वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधी पंचकूला को अपने लिए सुरक्षित ठिकाना मानने लगे हैं। क्योंकि बीते सोमवार को सेक्टर-20 में बिजनौर व पंचकूला पुलिस का संयुक्त नाका तोड़कर फरार हुए वांटेड हत्यारोपी विक्की और सुनील राणा करीब डेढ़ साल से पंचकूला में ही ठहरे हुए थे। दोनों हत्यारोपी पंचकूला के सेक्टर-20 में बतौर किराएदार रह रहे थे। जबकि बिजनौर पुलिस की गिरफ्त में फंसा उनका तीसरा साथी रोहित (24) भी सेक्टर-20, 4/ए के जलवायु विहार का रहने वाला है। शुरूआती पूछताछ के बाद बिजनौर पुलिस हत्यारोपी रोहित को थाना बडापुर में दर्ज केस में गिरफ्तार करके ले गई। वहीं, पंचकूला की सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बीते सोमवार को पंचकूला में हुई वारदात के संबंध में थाना बडापुर के ही इंस्पेक्टर सुनील कुमार की शिकायत पर हत्यारोपी विक्की और सुनील पर आर्म्स एक्ट व लापरवाही, लापरवाही से ड्राइविंग कर मानव जीवन के लिए खतरा पैदा करने के आरोप में केस दर्ज किया है। अब फरार दोनों आरोपी बिजनौर पुलिस समेत पंचकूला पुलिस के भी वांटेड हैं। सेक्टर-20 थाने के प्रभारी दलीप ने बताया कि आरोपी रोहित को बिजनौर पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया हुआ था। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ पंचकूला थाने में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। जबकि सेक्टर-20 में जो वारदात हुई वह काले रंग की जगुआर में सवार विक्की और सुनील राणा ने की थी। फरार होते समय उनसे ही गेल 7.62 एमएम नीचे गिरी थी। सूत्रों के मुताबिक पंचकूला पुलिस मामले में आगामी दिनों में एक बड़ी प्रेस वार्ता करने के प्रयास में है। बिजनौर पुलिस थाना बडापुर ने अपने यहां दर्ज हत्या व हत्या के प्रयास की वारदात में इस्तेमाल की गई अन्य कार को भी आरोपियों के एक जानकार से साथ लेकर गई है।
तीन दिन पहले ही खरीदी थी जगुआर
पुलिस जांच में पता लगा कि फरार हत्यारोपी विक्की और सुनील राणा ने करीब तीन दिन पहले ही एक व्यक्ति से जगुआर लैंड रोवर कार नंबर (सीएच01एएम-6058) खरीदी थी। इसी कार में हत्यारोपी पंचकूला में घूम रहे थे। सेक्टर-20 थाना पुलिस कार बेचने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ करेगी। वाहन एप पर जगुआर कार के मालिक एमएस प्रेमको इंडिया एग्जिम प्रा लि. है। थाना पुलिस ने बरामद कार से संबंधित रिकॉर्ड भी जुटा लिया है।
यूं हुई थी वारदात
हत्यारोपियों की तलाश में गुप्त सूचना पर बिजनौर के थाना बडापुर की पुलिस और पंचकूला की सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बीते सोमवार की शाम करीब छह बजे सेक्टर-20/21 की डिवाइडिंग रोड पर नाका लगाया था। सेक्टर-20 की सोसाइटी नंबर-14 के सामने जगुआर कार सवार हत्यारोपी विक्की और सुनील राणा पुलिस को देख पीछे मुड़कर वापस फरार होने लगे। पुलिस ने पीछा शुरू किया तो जगुआर कार चालक ने गाड़ी लापरवाही से चलाते हुए सेक्टर-20/21 के डिवाइडर से भिड़ा दी। गाड़ी का टायर फटने समेत एलॉय व्हील टूटा और एयर बैग भी खुल गया था। रांग साइड की सड़क पर उतरने के बाद गाड़ी बंद हो गई। पुलिसकर्मियों के पीछा करने के चलते दोनों आरोपी गाड़ी से नीचे उतरकर भागने लगे। इस दौरान उनसे चार जिंदा कारतूसों से लोड एक पिस्टल गेल 7.62 एमएम नीचे गिर गई। लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए थे।