पंचकूला। यूपी के बिजनौर में हत्या कर फरार तीन आरोपी छिपने के लिए पंचकूला पहुंचे तो पुलिस ने सेक्टर 20 में घेर लिया। पुलिस को देख तीनों आरोपी जगुआर कार से नाका तोड़कर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया तो तेज रफ्तार कार डिवाइडर लांघकर रॉंग साइड सड़क पर पहुंच गई। डिवाइडर से टकराने पर गाड़ी का टायर फट गया। इसके बाद आरोपी पैदल ही पीरमुच्छल्ला की ओर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। कद काठी में लंबे चौड़े एक आरोपी ने सामने आए पुलिसकर्मी को हवा में उठाकर एक तरफ फेंक दिया और टैक्सी में बैठकर अपने साथी समेत फरार हो गया। भागते समय उनकी माउजर भी नीचे गिर गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने नाकाबंदी कर सर्च की लेकिन रात 12 बजे तक उनका कोई सुराग नहीं लगा।
सेक्टर-20 थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर दलीप कुमार ने बताया कि बिजनौर पुलिस ने सेक्टर-20 में पंचकूला पुलिस की मदद से हत्यारोपियों की गुप्त सूचना पर ट्रैप लगाया था। कुछ पुलिसकर्मी नाके पर सादे कपड़ों में और कुछ वर्दी मे थे। शाम करीब 6 बजे जैसे ही हत्यारोपी जगुआर (सीएच01एएम-4058) से नाके के समीप पहुंचे तो पुलिसवालों ने घेर लिया। यह देख आरोपियों ने नाका तोड़कर गाड़ी दौड़ा दी। पुलिसकर्मी भी पीछे लग गए। करीब 100-120 की रफ्तार से दौड़ती जगुआर जब सेक्टर-20, 21 के टर्न पर पहुंची तो चालक संतुलन खो बैठा। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर को लांघते हुए सेक्टर-21 की सड़क पर जा उतरी। कार खराब होने से हत्यारोपी पैदल ही भागने लगे। यहां पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया जबकि दो फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी का नाम रोहित है, जबकि विक्की और सुनील फरार हो गए हैं।
बिजनौर में एक की हत्या और दो को किया था घायल
दलीप ने बताया कि यूपी में चुनाव से एक दिन पहले बिजनौर में आरोपियों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी, जबकि दो को घायल कर दिया था। बिजनौर पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी छिपने के लिए पंचकूला पहुंचे हैं। बस फिर क्या था, पंचकूला पुलिस की मदद से बिजनौर पुलिस ने सोमवार शाम को यहां नाका लगा दिया, लेकिन फिर भी दो आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए आरोपी से बिजनौर पुलिस पूछताछ कर रही है।
सरेआम बदमाशों को भागते देख लोग दहशत में
सरेआम सड़क पर बदमाशों का पीछा करती पुलिस को देख लोग दहशत में आ गए। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को तो पकड़ लिया जबकि दो भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भागते समय जब बदमाश के हाथ से माउजर गिरी तो वह डर गए। कुछ ने मोबाइल से वीडियो बनाने की