रोड किनारे रेहड़ी फड़ी का अतिक्रमण और वाहनों की अवैध पार्किंग
- मल्लाह मोड़ ट्रैफिक लाइट से पिंजौर-नालागढ़ रोड पर रेलवे फाटक तक सड़क पर रहता है सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड
- नगर निगम भी रोड किनारे हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ बरत रहा लापरवाही
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर। नो पार्किंग जोन में और सड़क किनारे वाहन खड़े होने से न केवल शहर में ट्रैफिक समस्या और गंभीर बनती जा रही है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी लगातार बढ़ती जा रही है। शहर में सड़क के किनारे बढ़ता अतिक्रमण और वाहन चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखाकर की जा रही मनमर्जी के आगे प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस विभाग बौना साबित हो रहा है। ज्ञात हो कि पिंजौर शहर में मल्लाह मोड़ ट्रैफिक लाइट से शुरू होकर पिंजौर थाने के समीप टी प्वाइंट से गुजरते हुए पिंजौर-नालागढ़ रोड पर रेलवे फाटक तक सड़क के ऊपर ट्रैफिक लोड बहुत ज्यादा है। पिंजौर मल्लाह मोड़ से लेकर मॉडल टाउन कालोनी के समीप स्थित रेलवे फाटक तक करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करने में आधे घंटे से ज्यादा तक का समय लग जाता है। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों की वजह से यह समस्या और गंभीर होती जा रही है। नगर निगम भी रोड किनारे हो रहे अतिक्रमण के प्रति पूरी तरह उदासीन है। जिसके चलते रोड किनारे रेहड़ी-फड़ी वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। रोड किनारे अतिक्रमण और वाहनों की पार्किंग आम जनता पर भारी पड़ रही है और वे भारी वाहनों और अन्य वाहनों के डर के साये में रोड पर पर चलने को मजबूर हैं।
अतिक्रमण और रॉग पार्किंग से बढ़ी हादसों की आशंका
वाहन चालकों की ओर से मुख्य बाजार में सड़क के किनारे या रोड पर वाहन पार्क करने से पैदल चलने वाले लोगों का रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। ऐसी स्थिति में रोड पर जा रहे राहगीरों के साथ दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थिति उस समय और गंभीर हो जाती है जब स्कूल से छुट्टी के बाद स्कूली छात्र सड़क से गुजरते है।
ट्रैफिक विभाग चालान कर झाड़ लेता है समस्या से पल्ला
वहीं, ट्रैफिक अधिकारी चालान करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। इसके अलावा पिंजौर के मुख्य बाजार में ट्रैफिक लोड अधिक होने की बात कह कर सूरजपुर सुक्खोमाजरी बाईपास बनने के बाद ही समस्या हल होने की बात कहते हैं।
ट्रैफिक थाना सूरजपुर एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से अवैध पार्किंग के चालान लगातार किए जा रहे हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा ताकि पब्लिक को कोई परेशानी न हो।