नियमों की अनदेखी पड़ी मकान मालिक को भारी
- 4000 लगा जुर्माना, 13,000 रुपये की फीस वसूली
- सड़क के बीच टैंट लगाकर किया था फंक्शन
अवधेश शुक्ला
पंचकूला। बिना परमिशन सड़क के बीच टेंट लगाकर समारोह का आयोजन करना सेक्टर-4 स्थित मकान नंबर 1332 के मालिक को महंगा पड़ गया। निगम ने सड़क के बीच टेंट लगाने के मामले को लेकर जहां 13 हजार रुपये फीस वसूली। वहीं, सड़क को नुकसान पहुंचाने के लिए चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। निगम अधिकारियों ने बताया कि उक्त मकान मालिक ने सेक्टर-4 स्थित अपनी कोठी के सामने ही सड़क के बीचोंबीच बिना परमिशन के टेंट लगा लिया था। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। वाहन चालकों ने सूचना दी थी कि मकान मालिक अपनी सुविधा के लिए लोगों को दुविधा दे रहा है। इस मामले को गंभीरता से लिया गया और तत्काल नोटिस जारी किया गया।
नगर निगम के ईओ जरनैल सिंह ने बताया कि जैसे ही बीच सड़क में टेंट लगाने की सूचना मिली उन्होंने टीम को मौके पर भेजा। लेकिन समारोह चलने के कारण उस समय टीम के सदस्य लौट आए। क्योंकि वह समारोह में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करना चाहते थे। समारोह के अगले दिन टीम के सदस्यों को मौके पर फिर भेजा गया, जिन्होंने देखा कि टैंट लगाने के लिए लोहे की रॉड का प्रयोग किया गया था, जिससे सड़क को काफी नुकसान पहुंचा था। इसलिए मकान मालिक को चार हजार रुपया जुर्माना लगाया गया और बिना परमिशन के समारोह करने के लिए 13 हजार रुपये फीस वसूली गई।
सड़क के बीच 10 इंच के 18 छेद
निजी समारोह के लिए मकान मालिक ने सड़क के बीच 10 इंच के 18 छेद कर दिए। जिससे सड़क को काफी नुकसान पहुंचा। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने अधिकारियों ने निगम प्रशासक राजेश जोगपाल के आदेश पर कार्रवाई की। निगम प्रशासक ने बताया कि कोई भी व्यक्ति सड़क के बीच बिना परमिशन के किसी भी तरह का आयोजन नहीं कर सकता है। इसके अलावा टेंट लगाने के लिए सड़क को भी नुकसान नहीं पहुंचा सकता है।