पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान बारिश में बिठाया उम्मीदवारों को
हर दिन तीन हजार से ज्यादा उम्मीदवार ताऊ देवी लाल स्टेडियम में देने आ रहे हैं फिजिकल टेस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-3 ताऊ देवी लाल स्टेडियम में हरियाणा पुलिस भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को परेशानी का सामना वीरवार को भी करना पड़ा। बारिश के बाद भी उम्मीदवारों को बाहर जमीन पर बिठा दिया गया। इस कारण उम्मीदवारों को जमकर परेशानी हुई।
ताऊ देवी लाल स्टेडियम में सुबह नौ बजे से शाम को पांच बजे तक भर्ती प्रक्रिया के लिए उम्मीदवार आते हैं। इन्हें दौड़ से पहले बैच नंबर और चिप लगाने के लिए लाइन में बाहर बैठाना होता है। बारिश के बाद भी उम्मीदवारों को बाहर बिठा दिया गया। इस दौरान उम्मीदवारों ने विरोध जताया लेकिन भर्ती प्रक्रिया मेें तैनात कर्मचारियों ने जगह नहीं होने पर बारिश में बैठने को कहा। जगह नहीं होने पर वह बारिश में बाहर बैठे रहे। जींद से आए सुधीर मलिक, अजीत कुमार ने बताया कि बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौर है कि अव्यवस्था होने के कारण दौड़ में करीब पांच उम्मीदवारों के पैर भी टूट चुके हैं। हरियाणा पुलिस के सात हजार जवानों की भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट यहां पर दिया जा रहा है।