26 को बायोमीट्रिक से लगेगी कर्मचारियों की हाजिरी
उपायुक्त ने मासिक समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। उपायुक्त मुकुल कुमार ने सीएम विंडो पर आई शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह 31 जनवरी तक लंबित शिकायतों का समाधान करें। उपायुक्त जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला अधिकारीगण बोर्ड की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम विंडो पर आई शिकायतों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जिले में की गई विभिन्न घोषणाओं की भी समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली की कि कौन सी मुख्यमंत्री घोषणाओं पर कार्य आरंभ नहीं हुआ। उन्होंने बिजली निगम की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही बिजली बिल निपटान योजना के तहत जिला पंचकूला के उपभोक्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। अब तक 23,202 उपभोक्ताओं में से 22,218 उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने 26 जनवरी को जिले में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस को धूमधाम के साथ मनाने की दिशा में भी किए गए प्रबंधों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की बायोमीट्रिक द्वारा उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा ने शिवधाम नवीनीकरण योजना के तहत बनाए जाने वाले विभिन्न गांवों में शेड की समीक्षा की। इस अवसर पर बैठक में एसडीएम कालका रिचा राठी, जिला परिषद की सीईओ ईशु सिंगल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एम एल गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।