अवैध खनन रोकने को एसडीएम स्तर पर टीमें गठित: उपायुक्त
खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। लाख कोशिशों के बाद भी लगातार सक्रिय खनन माफिया पर शिकंजा कसने के लिए उपायुक्त मुकुल कुमार ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने एसडीएम स्तर पर टीमों का भी गठन किया है। वे सोमवार को जिला सचिवालय स्थित कार्यालय कक्ष में खनन को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अवैध खनन पर शिंकजा कसने के लिए संबधित अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने जिले मेें संबधित एसडीएम की अध्यक्षता में दो कमेटियों का गठन भी किया। इन कमेटियों में संबधित एसीपी, सहायक सचिव आरटीए, रेंज ऑफिसर, संबधित ईटीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एएई तथा सेल्ज टेक्स के इंस्पेक्टर को शामिल किया गया है। प्रत्येक कमेटी सप्ताह में दो बार से अवश्य ही अवैध माइनिंग की चेकिंग का कार्य करेंगी। बैठक में जिला पुलिस उपायुक्त कमलदीप गोयल ने कहा कि खेतपराली व रतेवाली के क्षेत्रों में विशेष तौर पर अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग की जाए और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करें और उनके लाइसेंस भी रद्द किए जाएं।
बैठक में खनन अधिकारी राजीव धीमान ने बताया कि विभाग द्वारा निरंतर चेकिंग की जा रही है और जनवरी माह के दौरान 12 वाहनों को जब्त किया गया। जिनमें जेसीबी मशीन, पोकलीन व अन्य वाहन शामिल हैं। इसके साथ 5 एफआईआर दर्ज करने की दिशा में पत्र लिखे गए तथा एक लाख 21 हजार 500 रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जगदीप ढांडा, एसडीएम कालका रिचा राठी, जिला विकास एंव पंचायत अधिकारी एम एल गर्ग, डीएफओ विशाल कौशिक, ईटीओ राकेश, एईई सिद्वार्थ भार्गव, इंस्पेक्टर मोहम्मद खान, वीरेन्द्र, एके चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।