राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव में भाग लेने का आखिरी मौका
- डिजीटल और वॉक इन प्रक्रिया से किया जाएगा प्रतिभागियों का चयन
- सेक्टर-एक कॉलेज में आकर आज दिखा सकते हैं अपनी प्रतिभा
अमर उजाला ब्यूरोे
पंचकूला। भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देश में राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2019 का आयोजन विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। इसी के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-एक पंचकूला में 17 से 19 जनवरी तक इसकी स्क्रीनिंग का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 18 से 25 वर्ष की आयु का कोई भी युवा भाग ले सकता है। यह जरूरी नहीं है कि वह केवल विद्यार्थी ही हो। 17 से 19 जनवरी तक आयोजित इस स्क्रीनिंग में पहले दिन 19 स्टूडेंट्स और वीरवार को 36 स्टूडेंट्स का चयन किया गया। बता दें कुल 75 स्टूडेंट्स का चयन किया जाना था।
बता दें महोत्सव करवाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं में निर्णय लेने की प्रक्रिया का विकास करना और युवाओं में अन्य व्यक्तियों के विचारों के प्रति सम्मान और सहिष्णुता का भाव विकसित करना है।
दो प्रकार से करवाई जा रही चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया दो प्रकार से करवाई जा रही है। जिनमें पहली वॉक इन प्रक्रिया है और दूसरी डिजिटल प्रक्रिया। वॉक इन प्रक्रिया में 17 से 19 जनवरी तक जिले के चयनित कॉलेज में किसी विषय पर 2 से 3 मिनट तक बोल सकते है। जिसे सुनने के बाद कमेटी के दो सदस्य वाक दक्षता, विषय का ज्ञान, विचारों की स्पष्टता और आचरण को देखने के बाद चयनित करेंगे। प्रत्येक मापदंड के 25 अंक होंगे। अंतिम मूल्यांकन 100 अंको में किया जाएगा। वहीं डिजीटल प्रक्रिया में दिए गए विषयों में से युवा किसी भी एक विषय पर 90 से 120 सेकेंड का अपना भाषण रिकार्ड कर यूट्यूब पर डालेंगे और माई गवर्नमेंट साइट पर रजिस्टर करेंगे। जिसमें प्रतिभागियों का चयन 2 सदस्यों की समिति करेगी। जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 28 जनवरी और राज्य स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 फरवरी को किया जाएगा। जिसके बाद राष्ट्र स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 4 सदस्यों की जूरी होगी। इनमें सांसद, विधानसभा के सदस्य, नेता, सेवानिवृत, सेना से अधिकारी, प्रतिष्ठित कलाकार, सामाजिक हस्ती, पत्रकार, लेखर और शिक्षाविद शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर विजेताओं में पहले स्थान के विजेता को 2 लाख, दूसरे स्थान वाले को डेढ़ लाख और तीसरे स्थान वाले को एक लाख की इनाम राशि बांटी जाएगी।