चौक के सौंदर्यीकरण घोटाले पर निकाय मंत्री ने लिया कड़ा संज्ञान
- अधिकारियों से मांगी जांच रिपोर्ट, 15 दिन में सौंपने के निर्देश जारी
- मंत्री बोलीं, गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। नगर निगम पंचकूला में चौकों के सौंदर्यीकरण में अनियमितता बरते जाने को लेकर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने एक विशेष रिपोर्ट मांगी है। निकाय मंत्री ने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। शुक्रवार देर शाम शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने पंचकूला नगर निगम में चौक सौंदर्यीकरण में इंजीनियरिंग विंग द्वारा गड़बड़ करने पर शहर के लोगों की आई रिपोर्ट्स के आधार पर मामले की जांच कराने के आदेश दे दिए हैं। मंत्री जैन ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव को आगामी 15 दिन में पूरे मामले की जांच कराने और रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के कार्यों की जांच के आदेश के बाद निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। इस मामले की गाज किसी न किसी अधिकारी पर गिरना लगभग तय है। अब देखना यह है की गाज किस पर गिरती है यह तो समय ही बताएगा। उधर, लोक सर्वहितकारी सोसायटी पंचकूला ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर नगर निगम पंचकूला के हर एक काम और एक पैसा जो किसी भी कामों पर लगाया उनकी सभी की जांच इंडिपेंडेंट कमेटी से करवाने की मांग की है। सोसायटी के प्रधान राकेश अग्रवाल ने बताया की नगर निगम पंचकूला की लगातार कई महीनों से शिकायतें संस्थाओं और लोगों के द्वारा भेजी जाती रही हैं। अखबारों में भी नगर निगम के अधिकारियों की ओर से सिस्टम में हेरफेर कर कुछ ही चहेतों को पंचकूला के सारे कामों को सपने का काम किया गया है इनकी भी पूरी जांच होने की हम मांग करते हैं।