नकल करते दसवीं के तीन छात्र पकड़े
फ्लाइंग स्क्वाएड ने कई परीक्षा केंद्रों में की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवी की परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार से शुरू हुई। फाजिल्का रोड स्थित गांव निहालखेड़ा के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में फ्लाइंग स्क्वाएड (उड़नदस्ते) ने तीन छात्रों को नकल करते पकड़ा। उड़नदस्ते ने इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर विभाग को भेज दी। उड़नदस्ते ने ग्रामीण आंचल के अलावा शहर के भी कई परीक्षा केंद्रों में जांच पड़ताल की।
सुबह 10 बजे से सोमवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। नकल की जांच के लिए विभाग ने कई उड़नदस्ते गठित किए। फाजिल्का जिले के परीक्षा केंद्रों की जांच करने आए एससीईआरटी के निदेशक व एलीमेंट्री के डीपीआई इंद्रजीत सिंह ने सहयोगी निशांत अग्रवाल के साथ सरकारी सीनियर से स्कूल निहालखेड़ा के परीक्षा केंद्र का दौरा किया। वहां एक छात्रा को नकल करते पकड़ा। यह परीक्षार्थी गांव मम्मूखेड़ा खाटवां के स्कूल का विद्यार्थी है। जांच अधिकारी ने मामले से जुड़े सारे सबूतों के साथ पूरी रिपोर्ट विभाग को भेज दी। इसके बाद उड़नदस्ते की एक अन्य टीम डिप्टी डीईओ मुक्तसर धर्मवीर की अगुवाई में इसी स्कूल पहुंची। इस टीम ने दो परीक्षार्थियों नकल करते पकड़ा। इस परीक्षा केन्द्र में दसवीं के 214 और 12वीं के 91 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
इसके अलावा उड़नदस्ते ने गांव बनवाला सहित अबोहर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरकारी मॉडल स्कूल आदि में जांच की। इस दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षा के तहसील इंचार्ज प्रिंसीपल राजेश सचदेवा के साथ बातचीत करते हुए सभी स्कूलों में नकल रहित परीक्षा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल का कोई मामला पकड़ा गया तो परीक्षा के साथ-साथ केन्द्र नियंत्रक और परीक्षक के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि दसवीं की परीक्षा में पूरे जिले में 14981 रेगुलर और 1440 ओपन स्कूल के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा का प्रबंध किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया नकल करते पकड़े गए तीनों परीक्षार्थी ओपेन स्कूल के हैं।