सड़क हादसे में दो की मौत, दो गंभीर
शनिवार तड़के हाजीपुर चौक के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
दसूहा (होशियारपुर)।
शनिवार तड़के 4:30 बजे हाजीपुर चौक के पास एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। एक महिला को जालंधर और एक व्यक्ति को गुरदासपुर रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान रमेश मशीह (30) पुत्र मदन मशीह गुरदासपुर, ड्राइवर डॉमनिक पुत्र नधालियन वासी सिधवा गुरदासपुर के रूप में हुई है। शंटू और मदन मसीह को मामूली चोटें आई है। ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। उसका दसूहा के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
आईओ बलविंदर सिंह ने बताया की सुबह हुए सड़क हादसे में इनोवा गाड़ी में सवार कुल लोग दिल्ली से आ रहे थे। उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर होने के कारण उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। इतने में पीछे से आ रहे संतरों से लदे ट्रक ने खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में रमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर डॉमनिक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर चोटें आने पर एक महिला को जालंधर व व्यक्ति स्टीफन को गुरदासपुर भेज दिया गया है। मदन मसीह पुत्र काशी राम के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।