छात्रा की हत्या का आरोपी रिमांड पर
होशियारपुर। शहर के छत्ता बाजार में शनिवार को शादी समारोह के जश्न के दौरान चली गोली से हुई छात्रा साक्षी अरोड़ा की मौत मामले में दुल्हन के पिता अशोक खोसला को अदालत ने दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी को थाना सिटी पुलिस ने सीजेएम आशीष साल्दी की अदालत में पेश किया था।
अदालत में पुलिस ने दलीलें दी कि मामले में दोनाली बंदूक से फायरिंग करने का दूसरा आरोपी अशोक सेठी असलहे समेत फरार चल रहा है। अशोक सेठी की गिरफ्तारी के लिए आरोपी अशोक खोसला का पुलिस रिमांड जरूरी। अदालत ने पुलिस की दलील को स्वीकार करते हुए अशोक खोसला को 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया। थाना सिटी के एसएचओ जगदीश राज अत्री ने बताया कि पुलिस ने रिवाल्वर को पहले ही जब्त कर लिया है। अशोक सेठी अपनी दोनाली लेकर फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली दोनाली बंदूक से चलने की पुष्टि की गई है। पुलिस अशोक सेठी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापे मार रही है।