टांडा रोड पर रविवार को हादसे में हुई थी एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
होशियारपुर।
टांडा रोड पर रविवार को बूरेजट्टां गांव के पास हुए हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में घायल छह साल की बच्ची गुणिका गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पीजीआई ले जाते समय देर रात उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
रविवार को हुए सड़क हादसे में गुरदीप सिंह, उनकी पत्नी कुलविंद्र कौर, छोटी बेटी ईशिका और गुरदीप के चचेरे भाई अमरीक सिंह की मौत हो गई थी। देर रात गुणिका की मौत के बाद गुरदीप सिंह का पूरा परिवार ही काल का ग्रास बन गया। सोमवार को गुरदीप सिंह के बड़े भाई कुलविंदर सिंह और इटली से अमरीक सिंह की भाभी के आ जाने के बाद 16 जनवरी को दोपहर 12 बजे गांव बस्सीगुलाम हुसैन के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा। कुलविंदर सिंह की पत्नी जसविंदर कौर और बेटी मन्नत अब भी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
गुरदीप सिंह की मां जोगिंदर कौर को अब तक इस हादसे की जानकारी नहीं है। दुबई से लौटे बेटे कुलविंदर सिंह ने भी मां को इसकी जानकारी नहीं दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे बस्सी गुलाम हुसैन गांव में मातम पसरा हुआ है। सिविल अस्पताल में गुणिका के मामा हरपाल सिंह ने बताया कि 4 दिन पहले ही इशिका को स्कूल में दाखिल करवाया गया था।