रिश्वतकांड: एसआई समेत तीन पर आरोप तय
सीबीआई कोर्ट में चलेगा ट्रायल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। रिश्वत मामले में पकड़े गए सब इंस्पेक्टर सेवा सिंह समेत कांस्टेबल सुमित और बिचौलिए अजय पर सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने सोमवार को आरोप तय किए। अब तीनों के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में ट्रायल शुरू होगा।
सेवा सिंह पर प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट की धारा-7, 13(2) और 13(1)(डी) के तहत आरोप तय किए गए हैं। सुमित पर धारा-7 और आईपीसी की धारा-120 के तहत आरोप हैं। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित कालोनी नंबर-4 निवासी मुन्ना कुमार सिंह ने सीबीआई को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि एसआई सेवा सिंह 12 मई, 2018 को उसके ऑफिस आया। सेवा सिंह ने मुन्ना पर बिना हेलमेट बाइक चलाने और पुलिस नाका तोड़ने के आरोप लगाए।
मामले में सेवा सिंह ने मुन्ना की बाइक अपने कब्जे में कर ली। आरोपों के मुताबिक एसआई सेवा सिंह ने बाइक जब्त नहीं करने और उसे गिरफ्तार नहीं करने के एवज में उससे पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी। मुन्ना के शिकायत करने पर सीबीआई ने ट्रैप लगाकर सेवा सिंह, सुमित और अजय को गिरफ्तार कर लिया।