बरसात से सड़कें जलमग्न, बिजली ठप
अबोहर।
शहर व आसपास के क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हा रही मूसलाधार बरसात से सड़कें, गलियां और चौराहे जलमग्न हो गए। कई क्षेत्रों में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीरवार को हुई भारी बरसात से आनंद नगरी, नानक नगरी, नेहरू पार्क के बाहर आदि क्षेत्रों से पानी की निकासी पूरी तरह से नहीं हो पाई थी कि शुक्रवार बाद दोपहर फिर से हुई बरसात से शहर जलमग्न हो गया। वाटर एवं सीवरेज बोर्ड के एसडीओ हरशरणजीत सिंह ने बताया कि डिस्पोजल पर 2 की बजाए 3 मोटरें चलाकर पानी की निकासी करवाई जा रही है। शहर के निचलों क्षेत्रों में सीवरेज प्रणाली जाम होने से पानी निकासी में परेशानी आ रही है। शीघ्र ही पानी की निकासी करवा ली जाएगी।
वहीं 24 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप होने पर पावरकाम के एक्सईएन मलकीत सिंह ने बताया कि भारी बरसात के कारण शहर के कई क्षेत्रों में फाल्ट आ जाने से समस्या आई है। कर्मचारी बिजली सुचारु करने में जुटे हैं। बारिश के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बिजली सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।