प्रसूता ने रिक्शे पर जन्मी बच्ची
अबोहर।
अस्पताल ले जाई जा रही प्रसूता का रास्ते में ही रिक्शे पर प्रसव हो गया। प्रसूता के साथ जा रही महिला ने किसी प्रकार उसे संभाला और बड़ी मुश्किल से अस्पताल तक पहुंचाया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्काल मां और नवजात बच्ची को अस्पताल में भर्ती किया।
इंद्रा नगरी गली नंबर 6 निवासी प्रसूता को वीरवार दोपहर बाद प्रसव पीड़ा होने लगी। इस पर उसकी पड़ोसन उसे रिक्शे पर अस्पताल लेकर जा रही थी। घंटाघर चौक के पास पहुंचते ही उसकी प्रसव पीड़ा तेज हो गई और उसने रिक्शे पर ही बच्ची को जन्म दे दिया। भरे बाजार रिक्शे पर प्रसव होने से आई गंभीर स्थिति को देखते हुए साथ जा रही महिला नवजन्मी बच्ची को हाथों लेकर प्रसूता के पैरों के पास ही रिक्शे पर बैठ गई और किसी प्रकार से अस्पताल पहुंचाया। स्टाफ नर्स जसवीर रानी व प्रियंका ने स्थिति संभालते हुए रिक्शे पर ही बच्ची का नाडूू काट कर महिला का उपचार शुरू किया।
क्षेत्र की आशा वर्कर हरमन कौर ने बताया कि प्रसूता को एक माह पहले ही सरकारी अस्पताल में इलाज करवाने की सलाह दी गई थी। प्रसूता व उसके परिजनों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हरमन कौर ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही प्रसूता व उसकी नवजन्मी बच्ची के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।अस्पताल की एसएमओ डा. अमिता चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से प्रसूता को घर से लाने और घर तक छोड़ने की मुफ्त सुविधा दी जा रही है। सरकारी अस्पतालों में साधारण और सिजेरियन डिलीवरी भी बिल्कुल निशुल्क की जा रही है। उन्होंने महिलाओं को ऐसे मामलों में लापरवाही न बरतने की सलाह दी है।