फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: मार्च 2027 तक हरियाणा पुलिस में 15 हजार पदों पर होगी भर्ती, 2030 तक 13 हजार और जवान भर्ती करने की योजना

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस स्मृति दिवस पर डीजीपी अजय सिंघल ने की घोषणा, प्रदेश में जनवरी से सितंबर तक अपराधों में 9.35 प्रतिशत की कमी
विज्ञापन

माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा पुलिस में रिक्त पदों को भरने के लिए मार्च 2027 तक करीब 15 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके बाद वर्ष 2028 से 2030 के बीच करीब 13 हजार पदों पर और भर्ती करने की योजना है। पुलिस बल की संख्या बढ़ाने के साथ उसके आधुनिकीकरण, बुनियादी ढांचे के विकास और पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी जोर दिया जा रहा है। बुधवार को पंचकूला पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने यह जानकारी दी।
डीजीपी ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कर्तव्य निर्वहन के दौरान देशभर में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हरियाणा पुलिस के 88 शहीद जवानों के बलिदान को भी नमन किया।
विज्ञापन


विदेश से 28 गैंगस्टरों को लाया गया
डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक 28 गैंगस्टरों को विदेश से डिपोर्ट या प्रत्यर्पित कराया जा चुका है। 14 अन्य विदेश में हिरासत में हैं और उनकी कानूनी प्रक्रिया जारी है। गैंगस्टरों के स्थानीय सहयोगियों, हथियार आपूर्तिकर्ताओं और आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय और वर्चुअल नंबरों से आने वाली कॉल, धमकी, जबरन वसूली और धोखाधड़ी से नागरिकों को बचाने के लिए ‘अभेद्य’ ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पुलिस बुनियादी ढांचे पर 2030-31 तक 4,430 करोड़ खर्च करने की योजना
डीजीपी ने कहा कि वर्ष 2025-26 में करीब 238 करोड़ रुपये की लागत से आठ पुलिस थानों, तीन चौकियों और 313 आवासीय इकाइयों समेत विभिन्न विकास कार्य पूरे किए गए हैं। मार्च 2027 तक 1,043 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य है। वहीं, वर्ष 2030-31 तक पुलिस के बुनियादी ढांचे पर 4,430 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। वर्ष 2030 तक पुलिस आवासों की संख्या करीब 15 हजार से बढ़ाकर 20 हजार करने का लक्ष्य भी रखा गया है। पुलिसकर्मियों के कल्याण पर पिछले वित्त वर्ष में 50 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि चालू वित्त वर्ष में इसे 60 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है।
विज्ञापन


पंचकूला पुलिस लाइन में तीन सुविधाओं का उद्घाटन
पुलिस स्मृति दिवस समारोह के दौरान डीजीपी अजय सिंघल ने पंचकूला पुलिस लाइन में नवनिर्मित बहुउद्देशीय हॉल, अशोक स्तंभ और ऑर्डरली रूम का उद्घाटन किया। बहुउद्देशीय हॉल में विभागीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और अन्य आधिकारिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। समारोह में डीएवी स्कूल पुलिस लाइन के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें