पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने मंगलवार को सेक्टर-22 में आईटी पार्क के पास सरकारी जमीन से 11 झुग्गियाें और एक होटल को ढहाया। इस दौरान कुछ लोगों ने विभागीय कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन किसी की एक नहीं चली और टीम ने जेसीबी से सभी झुग्गियां तोड़ दीं। एचएसवीपी के अतिक्रमण हटाओ दस्ते के सुपरवाइजर मान सिंह ने बताया कि झुग्गी-झोपड़ी वाले अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। लोगों की शिकायत के बाद एचएसवीपी की अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने दोपहर ढाई से शाम 4 बजे तक कार्रवाई की। इस दौरान झुग्गियों के साथ एक टीन के शेड के साथ बना तीन मंजिल को अवैध होटल भी ढ़हाया गया।
मान सिंह ने बताया कि तीन जून को सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को नोटिस दिया गया था। पुलिस मुलाजिम टीम को मिलते ही मंगलवार को कार्रवाई की गई है। इस दौरान एसडीओ सर्वे बलराज, लोकेश कुमार जेई, नवीन जेई, वेद प्रकाश जेई, हरजीत जेई समेत अन्य मुलाजिम मौजूद रहे।