हर साल 500 विद्यार्थियों को बड़ी कंपनियों में मिलेगी जॉब
पीयू में इनोवेशन सेल का किया जा रहा गठन, विद्यार्थियों का होगा चयन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीयू हर साल 500 ऐसे विद्यार्थियों का चयन करेगा जिन्होंने बेहतर कार्य किया होगा। उस आधार पर उन्हें बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने के प्रयास होंगे। इसके लिए पीयू में इनोवेशन सेल का गठन किया जा रहा है।
पंजाब विश्वविद्यालय में यूबीएस, होटल मैनेजमेंट, मेडिकल साइंस आदि विभागों के विद्यार्थियों को हर साल नौकरी दिलाने के लिए प्लेसमेंट का आयोजन किया जाता है। अन्य विभागों में ऐसा नहीं है, जबकि उन विभागों में भी विद्यार्थी बेहतर कार्य कर रहे हैं। इन सभी विभागों से अच्छे विद्यार्थियों को निकाला जाएगा और उन्हें नौकरी के लिए कंपनियों के सामने साक्षात्कार को बैठाया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि हर विभाग से ऐसे छह से सात विद्यार्थी चयनित होंगे। इसके लिए इनोवेशन सेल विभागों में कोई एग्जाम भी करा सकती है जिसके आधार पर विद्यार्थियों का चयन होगा। मालूम हो कि रैंकिंग में इनोवेशन बिंदु पर काफी अच्छे अंक मिलते हैं। उसी को ध्यान में रखकर पीयू प्रशासन इस बारे में सोच रहा है। तेजी से इस पर कार्य चल रहा है। इस बार यूबीएस डिपार्टमेंट ने एक छात्र को 53 लाख का पैकेज दिलाया है, जो कि पीयू की रैंकिंग के लिए यह प्लेसमेंट अच्छे अंक दिलाएगी।