चंडीगढ़। पंजाब में पिछले 14 दिन में नशे के कारण हुईं 14 मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को गहरी नींद से जागना चाहिए और पंजाब के युवाओं को उनकी सरकार की नाक के नीचे फैल रही इस बुराई से बचाने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। जाखड़ ने कहा कि इन दुखद मौतों ने पंजाब के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पंजाब को आज हमारे नौजवानों की हत्या के इस जघन्य अपराध के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी और तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। जाखड़ ने कहा कि राज्य सरकार सूबे में नशे की समस्या को नियंत्रित करने में विफल रही है। गांवों और कस्बों में नशा आसानी से उपलब्ध हो रहा है, जिस पर रोक लगाने के लिए उचित कदम नहीं उठाए जा रहे।
जाखड़ ने सीएम मान को याद दिलाया कि उनके अपने विधायक सार्वजनिक रूप से उन लोगों के नाम उजागर कर रहे हैं, जिनके सीधे संरक्षण में राज्य में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन पिछले 2 वर्षों में कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जाखड़ ने पूछा कि जांच का आदेश देने और इन मौतों के पीछे लोगों को सजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को और क्या जानकारी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप के अपने विधायकों द्वारा किए गए खुलासे पर यह चुप्पी दर्शाती है कि कुछ गड़बड़ है। इससे संदेह पैदा होता है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब को अपने मुख्यमंत्री से शासन की उम्मीद है, नौटंकी की नहीं।
इससे पहले जाखड़ ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि पिछले साल जब बड़ी संख्या में युवा नशे की वजह से मारे गए थे, तो प्रभावी कदम उठाने के बजाय सीएम मान ने हजारों स्कूली बच्चों को अरदास करने के लिए मजबूर किया। अब फिर से इतने ही दिनों में नशे की वजह से 14 मौतें हुई हैं।