सात मलावी व एक अफगानी बच्चे की रोटरी ने कराई सर्जरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
रोटरी क्लब ऑफ चंडीगढ़ ने अपने दम पर सात मलावी व एक अफगान बच्चे को नया जीवन दिया है। ये बच्चे हार्ट की समस्या से पीड़ित थे। क्लब ने अपने हार्ट लाइन प्रोजेक्ट के तहत इन बच्चों की सर्जरी कराई। इनमें पांच लड़कियां व दो लड़के शामिल थे।
इन सभी की सर्जरी फोर्टिस मोहाली के वस्कुलर सर्जरी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. टीएस महंत के नेतृत्व में हुई। क्लब प्रेसिडेंट नीनू विज ने बताया कि क्लब ने ये प्रोजेक्ट 1998 में शुरू किया था। हार्ट लाइन प्रोजेक्ट के तहत 676 बच्चों की जिंदगी बचाई जा चुकी है। इन बच्चों के पिता गरीब मजदूर व रोजमर्रा का जीवनयापन करने वाले हैं। इस मौके पर पूर्व डिस्ट्रिक गवर्नर कंवल बेदी ने कहा कि साल 1988 से शुरू हुआ प्रोजेक्ट पूर्व रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट राजेंद्र के साबू की वजह से ही सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उनका विजन है कि रुपयों की कमी किसी भी बच्चे के इलाज में बाधा न बने। कुछ दिन पहले मलावी के हाई कमिश्नर जार्ज मैकेंडोवा ने पीड़ित बच्चे को देखने के लिए फोर्टिस हास्पिटल का दौरा भी किया था।