पंचकूला। जिले में शनिवार को कोरोना के 131 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला के 94 मरीज हैं जबकि 37 लोग बाहरी जिलों और प्रदेशों के हैं। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 394 पहुंच गई है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 379 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में 15 मरीज भर्ती हैं। कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को 524 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट रविवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 47271 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 46459 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
418 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 651433 लोगों के सैंपल जांचे हैं। मुक्ता कुमार ने अपील की है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना टेस्ट करवा सकते हैं।