पंचकूला। पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े में संलिप्त आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जींद निवासी बिटू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा चल रही है।
परीक्षा के दौरान कुछ उम्मीदवारों के फिंगर प्रिंट का मिलान नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा दूसरे ने दी है। सेक्टर-5 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले में आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस उपायुक्त के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने उपरोक्त मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसआईटी इंचार्ज एसीपी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस और अन्य विभाग में हुए फर्जीवाड़े में अब तक आठ मामले दर्ज 107 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।