संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सीबीआई अफसर बनकर झूठे केस दर्ज होने के नाम पर सेक्टर-12 निवासी सेवानिवृत्त वायु सेना अफसर सुरेंदर कुमार से 13 लाख 20 हजार ठग लिए। साइबर पोर्टल पर शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सुरेंदर कुमार ने बताया कि 13 जनवरी को उनके मोबाइल नंबर पर कॉल आया था। कॉल करने वाले ने बताया कि वह एयरटेल ऑफिस से बोल रहा है। उसने कहा कि आप का नंबर छह घंटे बाद बंद हो जाएगा। इसके बाद 121 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया तो वही व्यक्ति सीबीआई अफसर कह कर बात करने लगा। उसने कहा कि आपका नाम नरेश गोयल के साथ मनी लॉन्ड्रिंग केस जुड़ा हुआ है। आपके खाते में नरेश गोयल ने 56 लाख रुपये डाले हैं। आपके खिलाफ शिकायत आई है।
सुरेंद्र ने बताया कि केस दर्ज होने की बात सुनकर वह डर गया। इसके बाद वह वीडियो कॉल करके कहने लगा अगर आप गिरफ्तारी से बचना चाहते हैं तो मैं मदद करूंगा। अगर आप मेरे कहने पर काम करोगे तो इस केस से आपका नाम निकाल दूंगा।
उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने 16 फरवरी को उसके बताए गए खाता नंबर पर आरटीजीएस से 6 लाख 50 हजार डाल दिए थे। अगले दिन ठग ने फिर से 6 लाख 70 हजार रुपये की डिमांड की। डर के मारे उसने कुल 13 लाख 20 हजार रुपये उसे दे दिए।
बाद में जब उसे अपने साथ हुई ठगी का अंदाजा हुआ तो उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस साइबर थाना प्रभारी मुनीष कुमार ने बताया कि सेवानिवृत्त वायु सेना अफसर से शिकायत मिलने पर जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं। दिए गए खाता और मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है।