यूजी और पीजी परीक्षाओं का कार्यक्रम तय
- चार दिसंबर से होने जा रही हैं परीक्षाएं
- कंट्रोलर कार्यालय दे रहा है टाइम-टेबल को अंतिम रूप
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अंडर ग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) की सेमेस्टर परीक्षाओं का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। परीक्षाएं चार दिसंबर से शुरू होने जा रही हैं। इसी के साथ विद्यार्थी भी तैयारियों में जुट गए हैं।
दिसंबर के प्रथम सप्ताह में यानी चार दिसंबर से स्नातक कक्षाओं की प्रथम, तृतीय व पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी। इसमें बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीसीए आदि कक्षाएं शामिल हैं। इसी तरह दिसंबर के दूसरे सप्ताह यानी 15 दिसंबर से पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाओं के सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होंगी। इसमें भी सेमेस्टर पहला, तीसरा व पांचवां शामिल है। कक्षाओं की बात करें तो एमए, एमबीए, एमएससी, एमकॉम आदि शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि स्नातक के इन तीन सेमेस्टर के एग्जाम में 11 हजार से अधिक स्टूडेंट शामिल होंगे। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएट कक्षाओं के नौ हजार से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में हिस्सा लेंगे। एक-दो कक्षाओं की परीक्षाएं आगे-पीछे की जा सकती हैं। उसका कारण है कि विभाग के अध्यक्षों ने अभी परीक्षा की फाइनल सूची कंट्रोलर के पास नहीं भेजी है। वहां से आने के बाद फाइनल टच दे दिया जाएगा। बीच में पड़ने वाले त्योहारों का भी मिलान परीक्षा सूची से किया जाएगा।