चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के लिए शहर में जल्द ही मतदाता सूची को चुनाव आयोग द्वारा अंतिम रूप दे दिया जाएगा। निर्वाचक कार्यालय के मुताबिक चंडीगढ़ में चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद शहर में करीब दो हजार मतदाता बढ़ गए हैं। साल 2014 के मुकाबले इस बार अब तक मतदाता सूची में लगभग 4035 हजार वोटर बढ़ चुके हैं। आयोग के नियमानुसार नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के 10 दिन पहले तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाया जा सकता है। शहर में 22 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। यदि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद की बात करें तो बीते 30 दिन में निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक शहर में लगभग दो हजार वोटर बढ़ गए हैं।
आयोग के निर्देश पर इस बार शहर में वोटिंग का प्रतिशत बढ़ाने के साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने का काम तेजी से चला है। संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी आईएएस अर्जुन शर्मा ने बताया कि पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार शहर में 4 हजार से अधिक वोटर बढ़े हैं। आयोग के निर्देश पर शहर में लगातार मतदाता सूची में नाम करेक्शन और नाम जुड़वाने के लिए एक अभियान के तहत काम किया गया है। यही वजह है कि शहर में वोटर की संख्या में इजाफा हुआ है।
इस समय शहर में कुल 6 लाख 19 हजार 249 वोटर हैं। इनमें 2 लाख 19 हजार 282 वोटर महिलाएं, जबकि 400054 वोटर पुरुष हैं। यदि पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में हुए लोकसभा चुनाव की बात करें तो चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर 6 लाख 15 हजार 214 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाता 3 लाख 33 हजार 621 हैं। शहर में 10 मार्च को चुनाव आचार संहिता लागू हुई थी।