जीएमएसएच 16 में अगले माह से आरंभ हो जाएगा 6 बेड वाला आईसीयू
-यूटी प्रशासन ने एक याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट को दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गवर्नमेंट मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल सेक्टर 16 में अगले माह से 6 बेड वाला आईसीयू आरंभ कर दिया जाएगा। यूटी प्रशासन ने यह जानकारी एक याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट को दी।
सुनवाई के दौरान यूटी प्रशासन ने हाईकोर्ट को बताया कि उन्होंने इमरजेंसी कांपलेक्स में फर्स्ट फ्लोर पर आईसीयू के लिए जगह निर्धारित कर ली है। यह जगह इसकी इमरजेंसी वार्ड से कम दूरी के कारण निर्धारित किया गया है। इस स्थान के कारण इमरजेंसी वार्ड रैंप और सीढ़ियों के माध्यम से आईसीयू से जुड़ा रहेगा। कोर्ट को बताया गया कि आईसीयू के लिए कुछ उपकरण खरीद लिए गए हैं और कुछ का टेंडर जारी हो चुका है। वहीं आईसीयू में तैनाती के लिए मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स, ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट, वार्ड स्टाफ, स्वीपर व गार्ड समेत 43 लोगों की तैनातगी की जाएगी। स्टाफ नर्स जीएमएसएच के पे रोल पर मौजूद हैं, जबकि पंजाब और हरियाणा से 5 एनिस्थिसियाटिस्ट और 5 मेडिकल ऑफिसर डेपुटेशन पर भेजने का अनुरोध किया गया है। कोर्ट को बताया गया कि 14 नर्स को नियुक्त कर ट्रेंड किया गया है और बाकी स्टाफ की थी आईसीयू शुरू होने से पहले नियुक्ति की जाएगी।