नूरां सिस्टर्स, अली ब्रदर्स ने जमाया रंग
- नेत्रहीन बच्चों के मनोरंजन के संग नए साल का आगाज
- आरडब्लूए ने दिलाई सेक्टर-51 में स्वच्छता की शपथ
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
नूरां सिस्टर्स, बब्बू मान और अली ब्रदर्स ने नए साल के समारोह के दौरान चंडीगढ़ सेक्टर-51 में खूब रंग जमाया। यह आयोजन नेत्रहीन बच्चों को समर्पित था और जिसका आयोजन किया था सेक्टर-51 में रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने। नूरां सिस्टर्स ने समारोह में खूब रंग जमाया, वहीं अली ब्रदर्स और अन्य कलाकारों ने भी दो हजार से ज्यादा की भीड़ की मौजूदगी में सबका दिल जीत लिया।
अपने खास अंदाज के लिए जानी जाने वाली नूरा सिस्टर्स ने यहां अपने गीतों से सबका दिल जीता। नूरा सिस्टर्स ने यहां अपने हिट गीतों के माध्यम से सबको अपना दीवाना बना लिया। दमादम मस्त कलंदर, जुगनी के साथ ही अन्य गीतों से उन्होंने ऑडियंस को मोहित कर लिया। इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम करीब सात बजे हुई। इस दौरान ब्लाइंड इंस्टीट्यूट के अधिकारी और बच्चे मौजूद रहे। बच्चों ने नूरा सिस्टर्स के साथ ही अली ब्रदर्स के गीतों का जमकर आनंद उठाया। इस कार्यक्रम के दौरान रात 12.05 बजे सभी सदस्यों को अपने परिवेश को साफ -सुथरा रखने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर मंजीत कौर ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन उद्देश्य नेत्रहीन बच्चों के साथ ही समाज को एक साथ जोड़ने और पर्यावरण को साफ -सुथरा रखने का था। उन्होंने बताया कि सेक्टर-26 के नेत्रहीन स्कूल में दो कमरे बनवाये जाएंगे। स्कूल में बिस्तरों की व्यवस्था, ग्रीन बेल्ट के अलावा स्कूल को आर्थिक मदद दी जाएगी। इस मौके पर बेनीपाल सिस्टर्स और लवदीप सूफि याना कलाम, लोकगीत, गिद्दा और भंगड़े की प्रस्तुति दी गई। मंजीत कौर ने कहा कि उनके सेक्टर-51 का पार्क पिछले दो साल से चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से आयोजित रोज फेस्टिवल में पहला स्थान हासिल करता आ रहा है। इस संस्था को चंडीगढ़ पर्यावरण सोसाइटी ने भी पुरस्कृत किया है। एसोसिएशन ने लोगों की सुरक्षा के लिए सेक्टर में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए हैं। इस कार्यक्रम के दौरान मंजीत कौर ने कहा कि सेक्टर-51 में रसोई के गीले कचरे को खाद में बदलने के प्रबंधन की व्यवस्था है। मंजीत कौर ने बताया कि चंडीगढ़ के किसी भी सेक्टर में यह अपनी तरह की पहली कोशिश है। इसके लिए हर ब्लॉक में एक खाद बनाने का यंत्र लगाया जा रहा है।