पंचकूला। बुढ़नपुर में 14 दिन से डायरिया का प्रकोप जारी है। यहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को डायरिया के 11 नए मामले सामने आए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बुढ़नपुर के स्कूल में चल रहे क्लीनिक शिविर से तीन मामले एंबुलेंस के जरिये सेक्टर-6 सिविल अस्पताल रेफर किए गए। इसमें डॉ. मनिका ने बताया कि कार्तिक (1.5), अमायरा (2.5) और आहत (1) को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल रेफर किया है। बुढ़पुर में डायरिया से दो बच्चों की मौत के बाद यहां के लोगों में सप्लाई का पानी पीने को लेकर भय बना हुआ है। इस पानी को लोग पीने से बच रहे हैं।
बुढ़नपुर के पानी में क्लोरीन की गोलियां डालने के बावजूद बदबू आ रही है। इस कारण लोग पानी पीने से डर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से एंबुलेंस और आशा वर्कर्स का नंबर दीवारों पर लिखा गया है। वहीं डीसी ने मीटिंग कर अधिकारियों को पानी की व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पानी लोग उबालकर पीएं। पानी के सैंपल निरंतर लिए जाएं। अगर व्यवस्था कहीं खराब है तो उसे जल्द ठीक किया जाए।
एचएसवीपी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अब आप लोग सप्लाई का पानी बेफिक्र होकर प्रयोग कर सकते हैं, लेकिन मरीजों के बढ़ते आंकड़ों के कारण सप्लाई का पानी पीने में ग्रामीण भय महसूस कर रहे हैं। वहीं बुढ़पुर निवासी सुधीर, नसीम, अजीम और राजेश ने बताया कि पानी देखने में ठीक है, लेकिन जैसे ही पीने की कोशिश करते हैं तो अजीब सी बदबू आती है। इस कारण पानी खरीदकर पी रहे हैं। एचएसवीपी की ओर से क्लोरीन मिलाकर पानी की सप्लाई की जा रही है फिर भी ग्रामीणों में पानी की स्वच्छता को लेकर भय व्याप्त है।