62 साल से अधिक आयु वाले कर्मचारियों की होगी छुट्टी
- आउटसोर्सिंग पर हजारों की संख्या में काम कर रह हैं बुजुर्ग कर्मचारी
- शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने लिया इन्हें हटाने का फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आउटसोर्सिंग पर नौकरी कर रहे 62 साल से अधिक आयु वाले कर्मचारियों की छुट्टी होनी तय हो गई है। यूटी प्रशासन ने निर्देश जारी कर कहा है कि किसी एजेंसी या ठेकेदार की ओर से ऐसे कर्मचारियों की नियुक्ति करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। यूटी प्रशासन को कुछ दिन पहले शिकायत मिली थी कि कई विभागों में आउटसोर्सिंग पर 62 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों की नियुक्त की गई है।
प्रशासन के पर्सनल सेक्रेटरी बीएल शर्मा ने बताया कि शिकायत मिली थी कि कई विभागों में 65 साल से अधिक आयु के कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके बाद सभी एडमिनिस्ट्रेटिव सेक्रेटरी, हेड ऑफ डिपार्टमेंट, ऑफिस, इंस्टीट्यूशन, बोर्ड और कॉरपोरेशनों को निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि किसी भी सर्विस प्रोवाइडर, कांट्रैक्टर और एजेंसी की ओर से 62 साल से अधिक के कर्मचारियों की भर्ती नहीं की जानी चाहिए।
लगातार बढ़ रही कर्मचारियों की संख्या
इस समय प्रशासन के प्रमुख विभागों का काम अधिकतर आउटसोर्स कर्मचारियों के सहारे ही चल रहा है। यही कारण है कि आउटसोर्स पर कर्मचारियों की भर्ती प्रशासन में लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन के अलग-अलग विभागों में 6 हजार से अधिक कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर तैनात हैं। इनमें से कुछ कर्मचारियों की तैनाती लंबे समय से चल रही है। सर्विस प्रोवाइडर और कांट्रैक्टरों का प्रशासन लंबे समय से कांट्रैक्ट बढ़ाता जा रहा है।
80 साल के लोग कर रहे काम
प्रशासन के पास लगातार ऐसी शिकायतें आ रही थीं कि कई विभागों में 80 वर्ष के लोग काम कर रहे हैं। ये लोग चलने फिरने में लाचार हैं, फिर भी उनकी ड्यूटी पर तैनाती दिखाई जा रही है। सेनिटेशन और फील्ड से संबंधित क्षेत्रों में भी फर्जी भर्ती की शिकायत मिलती रही है। नगर निगम के सेनिटेशन विंग में कई बार आरोप लग चुके हैं कि उन व्यक्तियों की भी ड्यूटी दिखाई जाती है, जो कभी ड्यूटी पर दिखाई भी नहीं देते हैं।