अमृतसर, बटाला, शाहतलाई, तलवाड़ा, देहरादून, शिमला, दिल्ली, हिसार, कैथल, सिरसा, जम्मू और कुरुक्षेत्र के लिए मिलेगी सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। हरियाणा रोडवेज से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। पंचकूला डिपो से सोमवार से लंबी दूरी के रूटों पर बी-6 श्रेणी की दस नई आधुनिक बसें शुरू की जाएंगी। परिवहन विभाग के अनुसार ये बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिनका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव देना है। ये बसें अमृतसर, बटाला, शाहतलाई, तलवाड़ा, देहरादून, शिमला, दिल्ली, हिसार, कैथल, सिरसा, सोनीपत, जम्मू और कुरुक्षेत्र जैसे प्रमुख और व्यस्त रूटों पर चलाई जाएंगी। विभाग का कहना है कि इन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण पहले चरण में इन्हीं मार्गों को प्राथमिकता दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि नई बसों में आरामदायक सीटें, उन्नत जीपीएस सिस्टम, सुरक्षा उपकरण और बेहतर सस्पेंशन तकनीक लगाई गई है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों को कम थकान होगी और सफर अधिक सुगम रहेगा।
परिवहन विभाग के मुताबिक सभी दस बसों की पासिंग और इंश्योरेंस की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और सोमवार से ये रूटों पर नियमित रूप से दौड़ने लगेंगी। नई बसों के आने से डिपो की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को सीट मिलने में भी आसानी होगी।
विभाग ने यह भी बताया कि इन रूटों पर फिलहाल चल रही पुरानी बसों को लोकल रूटों पर भेजा जाएगा जिससे पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय यात्रियों को भी अधिक विकल्प मिलेंगे।
कोट
ये बसें शुक्रवार से ही शुरू होनी थीं लेकिन पासिंग और इंश्योरेंस पूरा न होने के कारण नहीं चल सकीं। अब इन्हें सोमवार से लंबी दूरी के यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
-सुखदेव सिंह, जीएम, पंचकूला डिपो