नाबालिग खिलाड़ी के पिता मिले खेल मंत्री से, आरोपों की जांच का मिला आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला पहुंचे हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम से नाबालिग तलवारबाजी खिलाड़ी के पिता ने मुलाकात कर अपनी पीड़ा और शिकायतें रखीं। खिलाड़ी के पिता ने बताया कि एक तलवारबाजी कोच ने उनकी बेटी की एक लड़के के साथ फोटो बनाकर विभाग में लोगों को दिखाया और पुलिस को भी सौंपा, जिससे उनकी बेटी की छवि को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोच का यह कृत्य पूरी तरह गलत है और इसके खिलाफ पाॅक्सो व आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। परिवार का कहना है कि उन्होंने कोच और जिला खेल अधिकारी के खिलाफ पहले ही शिकायत दे दी है।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को खेल छोड़ने के लिए लगातार साजिश रची जा रही है, जिससे उसे मानसिक दबाव और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।